अयोध्या3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। डीह पूरे बीरबल पूरे डिहवा गांव में 38 वर्षीय अमरेश कुमार का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला है।
घटना की जानकारी के अनुसार, अमरेश रविवार की रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने पुराने खंडहर घर में बने एक कमरे में सोने गया था। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने घर से करीब 20 मीटर दूर नीम के पेड़ पर उसका शव लटकता देखा।
मृतक के भाई अनिल कुमार गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी। थाने के उप निरीक्षक अमर बहादुर पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, अमरेश कुमार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह शराब का आदी था। इसी कारण उसकी शादी भी नहीं हो पाई थी। मृतक के परिजन गांव के बाहर आस्तीकन बाजार के पास सड़क किनारे नए मकान में रहते हैं।
उपनिरीक्षक पटेल के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।