अयोध्या7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अयोध्या में गेहूं खरीद की तैयारियां जोरों पर हैं। संभागीय खाद्य नियंत्रक अशोक कुमार पाल ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी धनंजय सिंह के साथ सदर तहसील के मया विकासखंड के ग्राम रसड़ा का दौरा किया।
अधिकारियों ने किसानों के खेतों का निरीक्षण किया और उन्हें सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए प्रेरित किया। मौके पर मौजूद किसान राम अभिलाख वर्मा, राजकुमार सिंह, उदय नारायण सिंह, देवदत्त और राम गिरीश शर्मा ने बताया कि उनका गेहूं अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक बिक्री के लिए तैयार हो जाएगा।

सभी किसानों ने खाद्य विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। केंद्र प्रभारी शिवकुमार सिंह और विपणन निरीक्षक हरिसेवक चौरसिया लगातार किसानों के संपर्क में हैं।
अधिकारियों ने किसानों को मोबाइल खरीद सुविधा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगर किसी गांव में किसान एक जगह पर एक ट्रक गेहूं जमा करते हैं, तो मोबाइल व्यवस्था से खरीद की जाएगी। जिले में अब तक 7,631 किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है। सभी संस्था प्रभारियों को किसानों का गेहूं आसानी से खरीदने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।